हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग, और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। दरअसल, पिथौरागढ़ की संकरी और घुमावदार सड़कें, खराब मौसम, और सड़कों की जर्जर स्थिति अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनती हैं।
बता दें कि हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हालांकि अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मानें तो मृतक स्थानीय निवासी हैं और वो अपने गांव लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी इस हादसे का शिकार हो गई।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “पिथौरागढ़ में हुए इस दुखद हादसे की खबर से मन व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।” उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।