scriptB. Saroja Devi: कोटा श्रीनिवास के निधन के बाद साउथ इंडस्ट्री में फिर छाया मातम, मशहूर एक्ट्रेस का निधन | B. Saroja Devi passed away After the death of Kota Sriniva | Patrika News
टॉलीवुड

B. Saroja Devi: कोटा श्रीनिवास के निधन के बाद साउथ इंडस्ट्री में फिर छाया मातम, मशहूर एक्ट्रेस का निधन

B. Saroja Devi: साउथ सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस बी सरोजा देवी का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है।

मुंबईJul 14, 2025 / 12:51 pm

Saurabh Mall

B. Saroja Devi

B. Saroja Devi (Photo: IANS)

B. Saroja Devi: साउथ इंडस्ट्री से एक और दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कई भाषाओं में अपने अभिनय के लिए मशहूर दक्षिण भारतीय अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 वर्ष की आयु में उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण निधन हो गया।
रिपोर्टों के अनुसार, सरोजा देवी बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित अपने घर पर बेहोश पाई गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देश भर से मशहूर हस्तियों और प्रशंसकों ने दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी (B. Saroja Devi) के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बता दें इससे ठीक एक दिन पहले साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास का 83 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।

रजनीकांत से लेकर मधु शाह तक: सबने किया याद

बी. सरोजा देवी के निधन के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और विरासत को बड़े सम्मान के साथ याद किया गया।
रजनीकांत ने एक्स (ट्विटर) पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा,”लाखों दिलों पर राज करने वाली महान अदाकारा सरोजा देवी अब हमारे बीच नहीं रहीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

खुशबू सुंदर, जो एक्ट्रेस और पॉलिटिशियन भी हैं, ने सरोजा देवी की एक ब्लैक एंड वाइट तस्वीर शेयर की और लिखा, “सुनहरे दौर की एक महान कलाकार चली गईं। दक्षिण भारत में किसी और महिला कलाकार को शायद उतनी शोहरत नहीं मिली जितनी सरोजा देवी को। वह बहुत ही प्यारी और शानदार इंसान थीं। उनसे मेरा खास रिश्ता था। जब भी मैं बेंगलुरु जाती थी, उनसे मिलती थी और चेन्नई आने पर वह खुद फोन करती थीं। उनकी बहुत याद आएगी।”
मधु शाह (पहले मधुबाला के नाम से जानी जाती थीं) ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावनात्मक पोस्ट लिखा। उन्होंने सरोजा देवी को ‘कन्नड़ का तोता’ कहते हुए कहा,”आपको देखकर मुझे अपनी मां की याद आ गई जो आपकी तरह ही दिखती थीं और कभी अभिनेत्री बनने का सपना देखती थीं, जो पूरा नहीं हो सका। आज मैं वही सपना जी रही हूं। आपके चेहरे में मुझे अपनी मां की झलक दिखती है। आप हमेशा मेरी मां की प्रेरणा रही हैं।”
इन सभी संदेशों से साफ है कि बी. सरोजा देवी ने सिर्फ पर्दे पर नहीं, बल्कि कई दिलों में खास जगह बनाई थी।

सरोजा देवी फिल्मी करियर

सरोजा देवी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में 1955 में कन्नड़ फिल्मी महाकवि कालिदास से की थी। इस अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला और यह उनके एक उल्लेखनीय सफ़र की शुरुआत थी।
कन्नड़ सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार के रूप में प्रशंसित, उन्होंने भारतीय सिनेमा में एक प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। इन वर्षों में, उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषाओं में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया।

Hindi News / Entertainment / Tollywood / B. Saroja Devi: कोटा श्रीनिवास के निधन के बाद साउथ इंडस्ट्री में फिर छाया मातम, मशहूर एक्ट्रेस का निधन

ट्रेंडिंग वीडियो