scriptबरेली पहुंचीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष, किशोर गृह, 300 बेड अस्पताल और महिला थाने का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाएं देख अफसरों को दे दिए ये निर्देश | Patrika News
बरेली

बरेली पहुंचीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष, किशोर गृह, 300 बेड अस्पताल और महिला थाने का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाएं देख अफसरों को दे दिए ये निर्देश

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने मंगलवार को बरेली दौरे के दौरान कई सरकारी संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। किशोर गृह, आंगनबाड़ी केंद्र, 300 बेड अस्पताल, वन स्टॉप सेंटर और महिला थाने की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई जगह अव्यवस्थाएं देख उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

बरेलीJul 15, 2025 / 08:21 pm

Avanish Pandey

बरेली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने मंगलवार को बरेली दौरे के दौरान कई सरकारी संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। किशोर गृह, आंगनबाड़ी केंद्र, 300 बेड अस्पताल, वन स्टॉप सेंटर और महिला थाने की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई जगह अव्यवस्थाएं देख उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) से की, जहां उन्होंने अपचारी किशोरों से बातचीत कर भोजन, कपड़े और रहने की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर भी जांचा। इसके बाद उपाध्यक्ष भरतौल गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। यहां आंगनबाड़ी कार्यकत्री शोभा देवी मौजूद मिलीं। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पुष्टाहार और अन्य सुविधाओं के बारे में पूछताछ की।

300 बेड में जलभराव होने पर जताई नाराजगी

300 बेड वाले जिला अस्पताल के निरीक्षण में बड़ी लापरवाही सामने आई। अस्पताल परिसर में शौचालयों के बाहर पानी भरा मिला, जिस पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई। अस्पताल में सिर्फ ओपीडी चल रही थी जबकि बाकी सुविधाएं बंद पाईं। उन्होंने साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कोविड अस्पताल में बने विवाह पूर्व परामर्श केंद्र “तेरे मेरे सपने” का भी दौरा किया। यहां काउंसलर तृप्ति शुक्ला और पूजा दुबे मौजूद रहीं। सेंटर में विवाह से पहले लड़कियों की काउंसलिंग की जाती है, ताकि वे वैवाहिक जीवन को समझ सकें। उपाध्यक्ष ने इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, जिससे अधिक महिलाएं इसका लाभ ले सकें।

वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं से किया संवाद

वन स्टॉप सेंटर में रह रहीं महिलाओं से भी उन्होंने संवाद किया और सुविधाओं की जानकारी ली। उपस्थिति पंजिका की जांच कर जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने महिला थाना पहुंचकर महिला हेल्प डेस्क, महिला प्रकोष्ठ और महिला सम्मान कोष शाखा की स्थिति देखी। यहां तैनात 16 कर्मियों में से सिर्फ एक ही कर्मचारी मौजूद मिला। इस पर अधिकारियों ने शिफ्ट व्यवस्था का हवाला दिया, मगर उपाध्यक्ष ने कड़ी नसीहत दी। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा और महिला थाना प्रभारी परमेश्वरी भी मौजूद रहीं।

Hindi News / Bareilly / बरेली पहुंचीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष, किशोर गृह, 300 बेड अस्पताल और महिला थाने का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाएं देख अफसरों को दे दिए ये निर्देश

ट्रेंडिंग वीडियो