कितने साल पुरानी है बस्ती?
वैज्ञानिकों का दावा है कि यह यूरोप की सबसे पुरानी झील के किनारे बसी बस्ती हो सकती है। प्रारंभिक रिसर्च से पता चलता है कि इंसानों ने करीब 6,000 से 8,000 साल पहले इस बस्ती में शिकार, खेती और पशुपालन के सहारे जीवन गुज़ारा था।
बस्ती की खुदाई शुरू
स्विट्रज़लैंड और अल्बानिया की संयुक्त टीम इस बस्ती की खुदाई में जुटी है, जहाँ सिर्फ तीन मीटर गहरे पानी में लकड़ी के खंभे, जानवरों की हड्डियाँ, तांबे की वस्तुएं और सुंदर नक्काशीदार मिट्टी के बर्तन मिले हैं।
कृषि, बुद्धिमत्ता और संगठन की मिसाल
बर्न यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अल्बर्ट हाफनर के मुताबिक यह बस्ती अल्पाइन और भूमध्यसागरीय क्षेत्रों में मिली झील बस्तियों से करीब 500 साल पुरानी है। पानी के नीचे होने की वजह से जैविक सामग्री अच्छी तरह संरक्षित है, जिससे पता चल रहा है कि लोग क्या खाते थे, क्या उगाते थे और किस तरह रहते थे? झील के किनारे लगभग 6 हेक्टेयर में फैली इस बस्ती में सैकड़ों लोग रहते होंगे, लेकिन अब तक सिर्फ 1% क्षेत्र की खुदाई हो पाई है।
बुद्धिमान और व्यवस्थित समाज
इस बस्ती की खोज यह भी दर्शाती है कि यहाँ के लोग कृषि और पशुपालन को यूरोप के अन्य हिस्सों में ले जाने वाले पहले समुदायों में से थे। अल्बानियाई पुरातत्वविद एड्रियन अनास्तासी कहते हैं, “जिस तरह से उन्होंने घर बनाए, भोजन जुटाया, मछली पकड़ी और शिकार किया, उससे साफ है कि वो उस समय के लिए बहुत बुद्धिमान और व्यवस्थित समाज थे।” लकड़ी के सैकड़ों नमूने जुटाए जा चुके हैं, जिनकी उम्र रेडियोकार्बन डेटिंग और डेंड्रोक्रोनोलॉजी से तय की जा रही है।