scriptहाउस टैक्स संग यूजर चार्ज न देकर बड़ी आफत को दावत दे रहे लखनऊवासी | Patrika News
लखनऊ

हाउस टैक्स संग यूजर चार्ज न देकर बड़ी आफत को दावत दे रहे लखनऊवासी

लखनऊ नगर निगम (LMC) ने कूड़ा उठाने के नाम पर इस साल से यूजर चार्ज को हाउस टैक्स के साथ जोड़ दिया है। यानी अगर आपको हाउस टैक्स में 10 फीसदी की छूट चाहिए तो पहले यूजर चार्ज भरिए।

लखनऊJul 23, 2025 / 06:17 pm

ओम शर्मा

LUCKNOW NAGAR NIGAM

Patrika Graphic Team

हालांकि नगर निगम उसमें भी 10 फीसदी की छूट दे रहा है। इसके बावजूद बहुत से लखनऊवासी नई व्यवस्था को लेकर नाराज हैं और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं कि वे सिर्फ हाउस टैक्स भरेंगे यूजर चार्ज नहीं। उनकी दलील है कि नगर निगम ने उनके घर से कूड़ा उठवाने की व्यवस्था नहीं की है, तो ऐसे में क्यों यूजर चार्ज भरें।

संबंधित खबरें

इसी साल हाउस टैक्स के साथ जुड़ा यूजर चार्ज

LUCKNOW NAGAR NIGAM
Patrika Graphic Team
नगर निगम सदन ने इस साल अप्रैल में यह फैसला किया था कि अब हाउस टैक्स के साथ पूरे साल का यूजर चार्ज भी लिया जाएगा और वह डोर टू डोर वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था भी करेगा। नगर निगम अपने कहे पर चल भी रहा है। उसने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि जिन लोगों के घर से कूड़ा नहीं उठ रहा है, वे उसकी हेल्पलाइन पर अपना पता भेजें तो नगर निगम की गाड़ी उनके घर कूड़ा उठाने के लिए लगाई जाएगी या फिर उत्तरदायी संस्था को वेस्ट मैनेजमेंट के लिए खबरदार किया जाएगा। इसके बावजूद लोग कूड़ा उठाने के लिए यूजर चार्ज देने को तैयार नहीं हैं।

यूजर चार्ज न देने पर प्रॉपर्टी टैक्स में जुड़ेगा

LUCKNOW NAGAR NIGAM
Patrika Graphic Team
जानकार बताते हैं कि इस साल जो लोग यूजर चार्ज नहीं देंगे तो वे बड़ी आफत को दावत दे रहे हैं। दरअसल, नगर निगम ने यह नियम भी बनाया है कि जो लोग सिर्फ हाउस टैक्स भरेंगे और यूजर चार्ज नहीं देंगे तो उसे बकाए में डालकर उसे Property Tax में शामिल कर देंगे। नगर निगम की नई व्यवस्था के तहत, जिन घरों की प्रॉपर्टी एनुअल वैल्यू 5,000 रुपये तक है, उनसे 50 रुपये मासिक कूड़ा शुल्क लिया जाएगा, जबकि उससे अधिक टैक्स वाले घरों से 100 रुपये मासिक लिए जाएंगे। यह फीस अब सीधे प्रॉपर्टी टैक्स के रजिस्टर में जुड़ जाएगी और बकाया होने पर संपत्ति कर में जोड़ दी जाएगी। नगर आयुक्त गौरव राय के मुताबिक यूजर चार्ज भरने का विकल्प ऑप्शनल है। लेकिन भविष्य में नगर निगम सदन की मंजूरी लेने के बाद इसे नियमित किया जाएगा। फिर यूजर चार्ज न भरने वालों पर पेनाल्टी लगेगी।

कूड़ा रोज नहीं उठता तो क्यों दे यूजर चार्ज

Nagar Nigam
Patrika Graphic Team
नगर निगम ने एडवांस पेमेंट पर पर 15 प्रतिशत की छूट देने की पेशकश की थी, लेकिन कई इलाकों के निवासियों ने इस कदम का विरोध किया है। उनका तर्क है कि जब नियमित रूप से कूड़ा उठ ही नहीं रहा, तो फीस जोड़ना तर्कसंगत नहीं है।
देवा रोड, चिनहट निवासी प्रभात श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम से कभी दो दिन बाद, कभी तीन दिन बाद कूड़ा लेने के लिए गाड़ी आती है। जब सेवा ही नियमित नहीं है, तो चार्ज लेना गलत है।

क्या कहना है लखनऊवासियों का

सरोजिनी नगर के निवासी विजय कुमार ने कहा कि हमसे कोई संपर्क नहीं किया गया। अब अचानक कहा जा रहा है कि कूड़ा शुल्क हाउस टैक्स में जुड़ जाएगा। यह पूरी तरह अनुचित है।
LUCKNOW NAGAR NIGAM
Patrika Graphic Team

अवध विहार निवासी मोना अवस्थी ने कहा कि पहले नगर निगम कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था को दुरुस्त करे, फिर शुल्क वसूले।
कर्मचारी नेता मुरली सिंह ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था बिना जनसहमति के लागू नहीं की जा सकती। लोगों को भरोसे में लेना जरूरी है कि उन्हें समुचित सेवाएं मिलेंगी।

Hindi News / Lucknow / हाउस टैक्स संग यूजर चार्ज न देकर बड़ी आफत को दावत दे रहे लखनऊवासी

ट्रेंडिंग वीडियो