मुंबई और ठाणे जिले में तेज बारिश के बाद सड़कों पर जलजमाव देखा जा रहा है। इस बीच तमाम जगहों पर सड़कों पर तालाब जैसी स्थितियां देखने को मिल रही है। कई जगहों पर वाहनों के बंद होने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। अंधेरी सबवे पर 2 फीट बारिश का पानी जमा होने के कारण यातायात बंद कर दिया गया है और इसे गोखले ब्रिज और ठाकरे ब्रिज के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
बारिश और जलजमाव के कारण ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे दोनों पर यातायात की गति धीमी रही। जलभराव के कारण कुर्ला एससीएलआर ब्रिज, कमानी, सुर्वे, कल्पना जंक्शन एलबीएस रोड जाने वाला ट्रैफिक धीमी गति से चल रहा है। वहीं, जलभराव के कारण वाकोला ब्रिज, एसआरपीएफ (जोगेश्वरी), सेंटॉर ब्रिज (वाकोला) पर भी ट्रैफिक कि समस्या देखने मिली। जबकि कुर्ला जुहू तारा रोड गंगोली मार्ग (सांताक्रूज़) जाने वाला ट्रैफ़िक धीमी गति से चल रहा है।
भारी बारिश के चलते कुर्ला, घाटकोपर, भांडुप, मुलुंड, चेंबूर, गोवंडी आदि इलाकों में मुख्य सड़कें पानी में डूब गई, जिससे ट्राफिक जाम कि समस्या और बढ़ गई। रातभर हुई भारी बारिश के कारण शहर और उपनगरों के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। लेकिन मुंबई शहर में सुबह में बारिश की तीव्रता कम हुई, लेकिन पूर्वी भागों और पूर्वी उपनगरों में भारी बारिश जारी है। इसके बाद दोपहर में फिर घने बादलों का जमावड़ा हुआ और जोरदार बारिश शुरू हुई।
मुंबई और आसपास के जिलों में सोमवार को आंधी, बिजली गिरने और भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके अनुसार, रविवार को शहर (कोलाबा) में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक था।
बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 9 बजकर 19 मिनट पर 3.91 मीटर की ऊंची लहरें उठने के बाद रात 8 बजकर 37 मिनट पर 3.38 मीटर ऊंची लहर आने की संभावना है। दोपहर 3 बजकर 3 मिनट पर भी 2.28 मीटर ऊंची लहर उठने की संभवना है।